फरार ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार पर एक लाख का इनाम

स्पोर्ट्सफरार ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार पर एक लाख का इनाम

Date:


फरार ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार पर एक लाख का इनाम

नई दिल्ली: दिल्ली स्थित छत्रसाल स्टेडियम सनसनीखेज हत्याकांड में घटना के बाद से ही फरार चल रहे ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख नकद इनाम देने की घोषणा की है, जबकि उसके साथ फरार चल रहे उसके दूसरे साथी आरोपी अजय की गिरफ्तारी में मदद करने कराने वाले को 50 हजार रुपए दिल्ली पुलिस इनाम देगी.

सोमवार देर रात इस भारी-भरकम इनामी राशि की घोषणा दोनों फरार मुलिजमों की गिरफ्तारी पर की गई है. इस इनामी राशि की घोषणा किए जाने की पुष्टि सोमवार देर रात उत्तर पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त ने भी की है.

सोमवार देर रात जिला डीसीपी ऊषा रंगनानी ने कहा, “सुशील पहलवान और उसके फरार साथी अजय की तलाश में हमारी कई टीमें लगी हुई हैं. दोनों के खिलाफ कोर्ट से गैर-जमानती वारंट भी जारी हो चुके हैं. इस सबके बावजूद भी आरोपी पुलिस से दूर भाग रहे थे. लिहाजा दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग इनामी राशियों की घोषणा की गई है. सुशील कुमार की गिरफ्तारी या फिर उसके बारे में मजबूत सुराग देने वाले को एक लाख रुपए नकद इनाम दिल्ली पुलिस की ओर से दिया जाएगा, जबकि उसके साथ फरार चल रहे उसके दूसरे साथी अजय की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस 50 हजार का इनाम देगी.”

छत्रसाल स्टेडियम में घटी हत्या और हत्या की कोशिश की वारदात में दिल्ली पुलिस को जो सबूत हासिल हुए थे, उनमें सुशील कुमार और अजय की भूमिका शुरू से ही संदिग्ध लग रही थी. सुशील और अजय व उनके अन्य फरार साथियों की तलाश में दिल्ली पुलिस घटना के बाद से ही हाथ-पांव मार रही थी. इस बीच खबरें आईं कि सुशील अधिकांशत: हरियाणा और उत्तराखंड इलाकों में छिपता फिर रहा है. दिल्ली पुलिस की टीमों को उसकी मोबाइल लोकेशंस भी इन्हीं इलाकों में मिल रही थी.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related