टोक्यो ओलिंपिक के लिए सानिया मिर्जा की डबल्स पार्टनर का खुलासा आखिरकार हो गया. डबल्स रैंकिंग में नौवें स्थान पर मौजूद सानिया मिर्जा टोक्यो ओलिंपिक में युवा स्टार अंकिता रैना के साथ उतरेंगी. इस बात का खुलासा खुद अंकिता ने ट्विटर पर किया. दोनों खिलाड़ी देश के लिए ओलिंपिक खेलों में ऐतिहासिक मेडल हासिल करना चाहेंगी.
34 साल की सानिया मिर्जा रियो 2016 में टेनिस पदक के काफी पास आकर चूक गई थी, ब्राजील में साथी रोहन बोपन्ना के साथ वह मिक्स्ड डबल्स कांस्य प्लेऑफ मैच हार गईं थी. इसके दो साल बाद वह मां बनी थी और फिर ब्रेक पर थी. पिछले साल ही उन्होंने वापसी की था. वह फिलहाल इंग्लैंड में है और विंबलडन की तैयारी में लगी हुआ है. वहीं से वह ओलिंपिक के लिए टोक्यो पहुंचेगी.
नियमों के अनुसार सानिया मिर्जा टॉप 300 में से किसी भी भारतीय को चुन सकती थी. अंकिता रैना डबल्स में 95वें और सिंगल्स में 183वें स्थान पर हैं. ऐसे में वह सानिया की पहली पसंद रही. अंकिता रैना ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात की पुष्टि की. 28 साल की अंकिता ने लिखा, ‘बड़े सम्मान और गर्व के साथ, मैं आपको सूचित करती हूं कि मुझे ओलिंपिक में सानिया मिर्जा के साथ वूमेंस डबल्स कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है.’

