सोमवार को 25 कोरोना मरीजों ने अपनी जान गंवाई
कोरोना संक्रमण की रफ्तार में आती जा रही है कमी
प्रयागराज। जनपद प्रयागराज में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कमी आती दिख रही है। रविवार को जहां 970 नये कोरोना संक्रमित मिले थे वहीं सोमवार को 858 नये कोरोना संक्रमित मिलने से थोड़ी राहत मिलती दिख रही है। हालांकि कोरोना संक्रमण के कारण जिंदगियोें को हारने के आंकड़ों में कमी नहीं आ रही है और रविवार को जहां 14 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई थी वहीं सोमवार को 25 कोरोना मरीजों ने अपनी जान गंवाई है। हालांकि स्वास्थ विभाग के अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी आयेगी।
सोमवार को 858 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ प्रयागराज जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 72238 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 11443 हो गये हैं। आज 1558 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 60081 हो गया है। वहीं आज 25 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 714 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
प्रयागराज में संक्रमण की दर धीरे-धीरे कम हो रही है। एक बार को जहां नये कोरोना मरीज मिलने की संख्या दो हजार से अधिक जा रही थी वहीं अब यह आंकड़ा एक हजार मरीज से नीचे आता जा रहा है। हालांकि कोरोना के कारण होने वाली मौतों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। लेकिन जिस हिसाब से संक्रमण दर में कमी आयी है आने वाले समय में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या में भी कमी आने की संभावना बन रही है।
संगम नगरी में कोरोना संक्रमण की दर कम होने की एक बड़ी वजह लोगों में आयी जागरूकता है। लाॅकडाउन के अलावा भी लोग बिना कारण घर से निकलने में परहेज कर रहे हैं। वहीं मास्क पहनना और सामाजिक दूरी बनाये रखने के नियमों का लोग खुद ही पालन करने लगे हैं। बाजारों में भी दुकानों के बाहर लोग लोग दूरी बना कर खडे़ हो रहे हैं। यही कारण है कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार मेें कमी आ रही है। यदि लोग इसी प्रकार नियमों का पालन करते रहे तो कोरोना संक्रमण का प्रसार होने से रोका जा सकेगा।

