दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने युवाओं को दिये नियुक्ति पत्र
मेरठ। मन में नौकरी पाने का उत्साह और नामी कंपनियों में सीधे साक्षात्कार का अवसर पाने की खुशी से खिलखिलाती युवाओं की भीड़ आज आईआईएमटी परिसर में आयोजित रोजगार मेले में उमड़ पड़ी। दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले में आज 3456 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया जिनमें से 962 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया। कपिल देव अग्रवाल मंत्री व्यवसायिक शिक्षा एवमं कौशल विकास द्वारा मंच से 60 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये। माननीय मंत्री जी के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं की खुशी दोगुनी हो गयी। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रोजगार मेला एवमं आयोजित कार्यक्रम की विभा देखकर भूरी-भूरी प्रशंसा की।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय, गंगानगर के विशाल परिसर में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कौशल विकास मिशन एवं आईआईएमटी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 18 मार्च 2021 (तकनीकी रिक्ति) तथा 19 मार्च 2021 (गैर तकनीकी रिक्ति) हेतु प्रातः दस बजे से वृहद रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले के प्रथम दिन युवाओं की उमड़ी भीड़ ने मेला आयोजन को सफल बना दिया। रोजगार मेले में गुरुवार को 3456 अभ्यर्थियों ने तकनीकी रिक्ति (आईटीआई, डिप्लोमा/इंजिनियरिंग/अन्य तकनीकी प्रशिक्षण उत्तीर्ण) के लिये रजिस्ट्रेशन कराया। रोजगार मेले में आज 47 कंपनियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिये। चयन प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद आज 962 युवाओं का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया। रोजगार मेले में पहुंचे श्री कपिल देव अग्रवाल मा0 मंत्री व्यवसायिक शिक्षा एवमं कौशल विकास ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए 60 चयनित अभ्यर्थियों को मंच से नियुक्ति पत्र प्रदान किये।
दोपहर के समय आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईआईएमटी समूह के चेयरमैन योगेश मोहनजी गुप्ता ने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिये क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कौशल विकास मिशन के कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी से बेरोजगारी दूर करने के लिये विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। आने वाले दिनों में 36 कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नौकरी पाने का अवसर प्रदान किया जायेगा। योगेश मोहनजी गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार योगी सरकार सार्थक प्रयास कर रही है उससे लग रहा है कि एक साल के बाद कंपनियों को खुद अभ्यर्थियों को ढूंढना पड़ेगा। प्रदेश में नौकरी अधिक होंगी और करने वाले उससे कम मिलेंगे। उन्होंने नौकरी पाने वाले अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुशील कुमार, संयुक्त निदेशक प्रशि0/शिक्षि0 ने कहा कि रोजगार मेला आयोजन का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को नौकरी पाने का अवसर प्रदान करना है। इस उद्देश्य को पूरा करने में इस रोजगार मेला ने सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कल शुक्रवार को और भी अधिक संख्या में अभ्यर्थी रोजगार मेले में आने की आशा जताई।
शशिभूषण उपाध्याय, सहायक निदेशक, सेवायोजन कार्यालय ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अयोग्य नहीं होता। बस उसे आवश्यकता होती है एक अनुभवी मंत्री, कुशल प्रशासन और सहयोगी संस्थान की। इस रोजगार मेले में यह तीनोें आवश्यकताएं पूर्ण हुईं और मेला सफलता प्राप्ति की ओर अग्रसर है। उन्होंने सफल आयोजन में सहयोग करने वाले आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
कपिल देव अग्रवाल मंत्री व्यवसायिक शिक्षा एवमं कौशल विकास ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल विकास मिशन को आगे बढ़ाने के लिये पीएम मोदी तथा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ निरंतर प्रयासरत हैं। एक जनपद-एक उद्योग की नीति लाकर सीएम योगी ने प्रदेश के विकास को गतिमान कर दिया है। माननीय मंत्री ने युवाओं से कहा कि हाथ में हुनर होगा तो नौकरी अवश्य मिलेगी। युवा हुनर हासिल करें और आगे की संभावनाएं तलाशें। उन्होंने रोजगार मेले के सफल आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि आज कुआं खुद चलकर प्यासे के पास आया है। इसलिये युवा इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाकर नौकरी प्राप्त करें। जीवन संघर्ष में आने वाली परेशानियों, उतार-चढ़ाव से न घबराने का संकल्प लें और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहें। कामयाबी को आपके कदम चूमने से कोई नहीं रोक सकता।
कपिल देव अग्रवाल मंत्री व्यवसायिक शिक्षा एवमं कौशल विकास ने गुरुवार को चयनित अभ्यर्थियों में से 60 युवाओं को मंच सेे नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। मेरठ दक्षिण विधायक सोमेन्द्र तोमर, आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.मनोज कुमार मदान, मीडिया संपर्क प्रमुख पश्चिमी उत्तर प्रदेश श्री आलोक सिसौदिया, अरूण जिंदल, चौधरी देवेन्द्र सिंह ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम कोे गौरवान्वित किया।
कर्यक्रम आयोजन में आईटीआई से पीपी अत्रि नोडल प्रधानाचार्य, बनी सिंह चौहान कोर्डिनेटर, उदयवीर सिंह वरिष्ठ सहायक, विजय बहादुुर व संजीव जैन प्रधानाचार्य तथा सेवायोजन कार्यालय से विपिन कुमार सेवायोजन अधिकारी, राजीव सपरा प्रधान सहायक तथा आईआईएमटी के मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा का सहयोग रहा।

