Site icon Buziness Bytes Hindi

बिहार में आग लगने की घटनाओं में 9 बच्चों की मौत


बिहार में आग लगने की घटनाओं में 9 बच्चों की मौत

भागलपुर: बिहार के भागलपुर और अररिया जिले में अलग-अलग आग लगने की घटना में 9 बच्चों की मौत होगई । भागलपुर में जहां तीन बच्चों की मौत हुई है, वहीं अररिया जिले में छह बच्चों की झुलसकर जान चली गई।

सो रहा था परिवार
भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक घर में आग लग जाने की घटना से एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। जब यह घटना घटी तब पूरा परिवार एक साथ ही सोया हुआ था। कहलगांव के भूमि सुधार उपसमाहर्ता संतोष कुमार ने बताया कि सोमवार की रात अठनियां गांव निवासी लालमुनी मंडल अपने पूरे परिवार के साथ अपने घर में सोए हुए थे कि अचानक घर में आग लग गई।

झोपड़ी में खेल रहे थे बच्चे
इधर अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर एक झोंपड़ीनुमा घर में खेल रहे छह बच्चों की आग से झुलसने से मौत हो गई। मृतकों की उम्र 2 से 5 साल बताई जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कवैया गांव में मंगलवार को करीब 12 बजे दिन में गांव के छह बच्चे झोंपड़ीनुमा घर में खेल रहे थे और आग जलाकर गेहूं की बाली सेंक रहे थे। वहीं पर मवेशियों का सूखा चारा रखा हुआ था।

आग की चिंगारी से ज़िंदगियाँ हुईं राख
अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान आग की एक चिंगारी से सूखे चारे में आग लग गई और सभी मासूम बच्चे इसी आग में घिर गए। बच्चे कुछ समझ पाते तब तक इन्हें आग ने अपनी चपेट में ले लिया और इनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस क्रम में बच्चों की चीख सुनकर परिवार वाले मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

Exit mobile version