मेरठ पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड आयोजित
पुलिसकर्मियों ने ली शपथ, नहीं बुलाये गये परिवारजन
मेरठ। उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ की पुलिस लाइन में आज पासिंग आउट परेड और शपथग्रहण के बाद 823 जवान यूपी पुलिस में शामिल हो गये। पद, कर्तव्य, देश सेवा की शपथ लेने के बाद पुलिसकर्मी खुशी से झूम उठे। कोविड काल के कारण पुुलिसकर्मियों के परिवारों को पासिंग आउट परेड में नहीं बुलाया गया।
शुक्रवार सुबह मेरठ पुलिस लाइन के मैदान पर आयोजित पासिंग आउट परेड में एडीजी राजीव सबरवाल ने परेड का निरीक्षण किया। चेहरे पर मास्क पहने शानदार परेड प्रस्तुत कर रिक्रूट काॅन्स्टेबल ने मुख्य अतिथि को सलामी दी।
एडीजी राजीव सबरवाल ने रिक्रूट काॅन्स्टेबल को पद, कर्तव्य, देश सेवा की शपथ दिलाई। एडीजी ने जवानों को संबोधित करते हुए सफलता पाने के लिये जीवन में अनुशासन का महत्व बताया। इस दौरान आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी अजय साहनी, एसपी देहात केशव कुमार, एसपी सिटी विनीत भटनागर आदि मौजूद रहे।
खुशी में झूमें, कोविड गाइडलाइन भूले
शपथ ग्रहण के बाद अधिकारिक तौर पर पुलिसकर्मी बनने वाले जवान खुशी में झूम उठे। लेकिन उत्साहित जवान कोविड गाइडलाइन को भूल गये और परेड के दौरान उनके चेहरे को ढकने वाला मास्क न जाने कहां गुम हो गया। अधिकारियों के सामने सामाजिक दूरी का पालन करने वाले यह जवान अति उत्साह में सब कुछ भूल गये। एक-दूसरे के साथ खड़े होकर, बिना मास्क पहने झूमते दिखे यह जवान एडीजी द्वारा पढ़ाया गया अनुशासन का पाठ भी भूल गये।

