Site icon Buziness Bytes Hindi

उत्तराखंड त्रासदी में 64 लोगों की मौत, अमित शाह ने किया हवाई सर्वे


उत्तराखंड त्रासदी में 64 लोगों की मौत, अमित शाह ने किया हवाई सर्वे

देहरादून। भारी बारिश के कारण अस्त-व्यस्त हो चुका उत्तराखंड का हवाई सर्वे करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने त्रासदी में 64 लोगों की मौत हो जाने की पुष्टि की। अमित शाह ने अब तक किसी भी पर्यटक के जान न गंवाने का दावा भी किया। उन्होंने चार धाम यात्रा शुरू करने और जल्द हालात पर काबू पाने की बात कही।

Read also: बिजली और कोयला मंत्रियों से मिले गृह मंत्री अमित शाह, हालात की समीक्षा की

गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ देवप्रयाग, पौड़ी, रामनगर, रामगढ़, रुद्रपुर और हल्द्वानी में बाढ़ ग्रस्त इलाकों में हवाई सर्वेक्षण करने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि त्रासदी के बाद हालात पर तेजी से काबू पाया जा रहा है। नैनीताल, अल्मोड़ा, हल्द्वानी में रास्ते खोल दिये गये हैं और राज्य के 80 प्रतिशत इलाकों में मोबाइल नेटवर्क फिर से काम कर रहा है।

एयरपोर्ट स्थित गेस्ट हाउस में अमित शाह ने कहा कि त्रासदी में लापता हुई एक ट्रेकिंग टीम को लोकेट किया जा चुका है और दूसरी टीम की तलाश जारी है। अमित शाह ने यह भी कहा कि भारी बारिश होने का अलर्ट समय से मिल जाता तो नुकसान को कम किया जा सकता था। गृह मंत्री ने कहा कि 3500 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू और 16,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। राहत अभियान में 17 एनडीआरएफ टीमें, 7 एसडीआरएफ टीमें, पीएसी की 15 कंपनियां और पुलिस के 5000 से अधिक जवान लगे हुए हैं।

Read also: भाजपा का मिशन 4 करोड़ – अमित शाह करेंगे शुरूआत

अमित शाह के उत्तराखंड आगमन पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, अजय भट्ट, सीएम धामी, धन सिंह रावत और मुख्य सचिव एसएस संधू भी उनके साथ रहे। अमित शाह और सीएम धामी ने जाॅली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंच कर अधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक की और निर्देश जारी किये।

Exit mobile version