Site icon Buziness Bytes Hindi

6 परसेंट घटी भारतीयों की स्विस बैंक में डिपॉजिट रकम


6 परसेंट घटी भारतीयों की स्विस बैंक में डिपॉजिट रकम

स्विस बैंक का नाम आते ही बहुत सारे रुपयों की तस्वीर जेहन में उतरने लगती है. लेकिन क्या आपको पता है कि भारतीय लोगों और भारतीय कंपनियों का िस्विस बैंकों में पैसा लगातार कम हो रहा है.भारत के लोगों और कंपनियों के डिपॉजिट रकम 6 परसेंट कम हो गई है.2019 में 6 प्रतिशत घटकर 89.9 करोड़ स्विस फ्रैंक (6,625 करोड़ रुपये) रह गया. स्विट्जरलैंड के केंद्रीय बैंक एसएनबी के गुरुवार को जारी सालाना आंकड़ों से यह पता चला है. यह लगातार दूसरा साल है जब स्विस बैंकों में भारतीयों के जमा धन कम हुए हैं. स्विस नेशनल बैंक (SNB)ने 1987 से आंकड़ों का संग्रह शुरू किया, तब से यह तीन दशक से भी अधिक समय में तीसरे सबसे न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया.

क्या कहता है 2019 का नया आंकड़ा?
एसएनबी के अनुसार 2019 के अंत में स्विस बैंकों के ऊपर भारतीयों की कुल 89.946 करोड़ स्विस फ्रैंक की देनदरी थी. इसमें 55 करोड़ स्विस फ्रैंक (4,000 करोड़ रुपए से अधिक) ग्राहकों के जमा, 8.8 करोड़ स्विस फ्रैंक (650 करोड़ रुपए) दूसरे बैंकों के जरिये जमा तथा 25.4 करोड़ स्विस फ्रैंक (1,900 करोड़ रुपए) अन्य राशि प्रतिभूतियों और अन्य फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स के रूप में हैं. इसके अलावा 74 लाख स्विस फ्रैंक (50 करोड़ रुपए) ट्रस्ट के जरिये जमा हैं. इन सभी चारों श्रेणी में जमा में गिरावट दर्ज की गयी.

कालेधन को लेकर कोई संकेत नहीं
ये आधिकारिक आंकड़े हैं जो बैंकों ने एसएनबी को दिये हैं. यह स्विट्जरलैंड में जमा भारतीयों के कालाधन का संकेत नहीं देते जिसको लेकर चर्चा होती रही है. इन आंकड़ों में उन भारतीयों, प्रवासी भारतीयों या अन्य के धन शामिल नहीं है जो स्विस बैंकों में तीसरे देशों की इकाइयों के नाम पर रखे गये हों.

पाकिस्तान और बांग्लादेश के नागरिकों का जमा राशि भी घटी
आंकड़ों के अनुसार पिछले साल स्विटजरलैंड के बैंकों में पाकिस्तान और बांग्लादेश के नागरिकों और कंपनियों की जमा राशि भी घटी है. वहीं अमेरिका और ब्रिटेन के लोगों की स्विस बैंकों में जमा राशि बढ़ी है. स्विस बैंक में पाकिस्तानियों का धन करीब 45 प्रतिशत घटकर 41 करोड़ स्विस फ्रैंक (करीब 3,000 करोड़ रुपये) रह गया. वहीं बांग्लादेश का पैसा 2 प्रतिशत घटकर 60.5 करोड़ स्विस फ्रैंक (करीब 4,500 करोड़ रुपए) रहा.

Exit mobile version