Government Jobs: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से ज्यादा युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये ज्वाइनिंग लेटर बांटे हैं. विभिन्न विभागों के नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिये गये हैं. आपको बता दे ये नियुक्ति पत्र रोजगार मेले के तहत दिये गये हैं. यह रोजगार मेला सोमवार, 28 अगस्त 2023 को देश के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया।
रोजगार मेले के तहत युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नवनियुक्तों को यह नियुक्ति पत्र ऐसे समय में दिया जा रहा है जब देश चंद्रयान 3 की सफलता का जश्न मना रहा है. गौरव के इस क्षण में युवाओं के लिए यह दोहरी खुशी है . उन्होंने कहा कि आवेदन से लेकर चयन तक की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. पीएम ने कहा कि अर्धसैनिक बलों में होने वाली परीक्षा 13 स्थानीय भाषाओं में भी आयोजित की जा रही है. उन्होंने कहा कि इन भर्तियों से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी.
किन -किन विभागों को मिली नौकरियां
गृह मंत्रालय ने नवनियुक्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को ज्वाइनिंग लेटर दे दिए हैं। इसके तहत युवाओं को सीआरपीएफ (CRPF), बीएसएफ (BSF), एसएसबी (SSB), असम राइफल्स, सीआईएसएफ(CISF), आईटीबीपी (ITBP), एनसीबी(NCP) और दिल्ली पुलिस (DELHI POLICE ) में भर्ती किया गया है।
कब-कब आयोजित हुआ रोजगार मेला
पहली बार 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले के तहत 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिये गये। दूसरी बार 22 नवंबर 2022 को 71 हजार से ज्यादा युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर दिए गए. फिर 20 जनवरी 2023 को 71 हजार, 13 अप्रैल 2023 को 71 हजार, 16 मई को 71 हजार, 13 जून को 70 हजार, 22 जुलाई को 70 हजार और अब 28 अगस्त को 51 हजार युवाओं को रोजगार के तहत नियुक्ति पत्र बांटे गये.
अब तक 5.5 लाख से ज्यादा लोगों को मिल चुकी है नौकरी
गौरतलब है कि 14 जून 2022 को पीएमओ की ओर से ट्वीट के जरिए जानकारी दी गई थी कि अगले 18 महीनों में 10 लाख युवाओं की भर्ती की जाएगी. अब तक आठ रोजगार मेले आयोजित किये जा चुके हैं और साढ़े पांच लाख से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र दिये जा चुके हैं।

