Site icon Buziness Bytes Hindi

मेरठ में कोरोना की चेन तोडऩे को अब 48 घंटे का पूर्ण लॉकडाउन


मेरठ में कोरोना की चेन तोडऩे को अब 48 घंटे का पूर्ण लॉकडाउन

रोहन वर्मा 

मेरठ।उत्तर प्रदेश के मेरठ में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने फिर एक बार लॉकडाउन जैसे सख्त नियम अपनाने का मन बना लिया है. डीएम अनिल ढींगरा ने कहा कि कोरोना की चेन तोडऩे के लिए अब एक बार फिर सप्ताह में लगातार दो दिन 48 घंटे का पूर्ण लॉकडाउन होगा. इसके लिए मंगलवार को जिले के सभी एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, एसीएम से कोरोना संक्रमण को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है. रिपोर्ट के आधार पर मंगलवार की देर रात  या बुधवार को आदेश जारी कर दिया जाएगा. साथ ही डीएम ने जिले में बिना मास्क पहने घर से बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. डीएम ने कहा है कि जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण खतरनाक स्थिति में है। लोग घर से बाहरए बाजार में आवश्यक हो तो ही निकलें.

स्थिति है खतरनाक
डीएम ने कहा कि पिछले चार दिनों में 99 केस आने के कारण जिले की स्थिति अब खतरनाक हो गई है. लोगों को सुरक्षित रखना और कोरोना की चेन को तोडऩा आवश्यक हो गया है. ऐसे में प्रशासन ने 48 घंटे का पूर्ण लॉकडाउन का निर्णय लिया है. इसके लिए सभी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को नियंत्रित करने के लिए संपूर्ण लॉकडाउन रखने के लिए मंगलवार को रिपोर्ट उपलब्ध कराएं.

दोबार बिना मास्क पकड़े जाने पर जेल
इसके साथ ही डीएम ने जिले के सभी मजिस्ट्रेट, सीओ को कड़े निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के घूमते पाया जाए तो प्रथम बार पकड़े जाने पर उस पर 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाए. दोबारा बिना मास्क के पकड़े जाने पर महामारी एक्ट में मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया जाए. इसी तरह दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने और 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाए. दूसरी बार पकड़े जाने पर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाए.

Exit mobile version