मेरठ में मिले 248 नये कोरोना संक्रमित

मेरठ रीजनमेरठ में मिले 248 नये कोरोना संक्रमित

Date:


मेरठ में मिले 248 नये कोरोना संक्रमित

सोमवार को 7 कोरोना संक्रमितों की मौत
गांवों में फैल रहे संक्रमण से बढ़ी चिंता

मेरठ। जिला मेरठ में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होती जा रही है। सोमवार को जिले में 248 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं और 7 मरीजों की मृत्यु हो गयी। संक्रमितों और कोरोना मरीजों की मौत का आंकड़ा घटता जा रहा है। मगर जिले के ग्रामीण इलाकों में कोराना का प्रसार अब भी चिंता का कारण बना हुआ है। जिले के 70 गांवों में कोरोेना संक्रमण से काफी लोग प्रभावित हैं। वहीं गांव में लोग कोरोना जांच करवाने या वैक्सीन लगवाने के लिये भी आगे नहीं आ रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में संक्रमण का प्रसार रोकना स्वास्थ विभाग के लिये चिंता का कारण बना हुआ है।

सोमवार को मेरठ जिले में 248 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 68070 हो गया है। जिले में कोरोना एक्टिव केस अब 5077 हो गये हैं। आज 689 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किये जाने के बाद कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 62230 हो गया है। वहीं आज 7 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 763 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)

मेरठ जिले के 70 गांवों में 704 एक्टिव केस होना स्वास्थ विभाग के लिये चिंता का कारण बना हुआ है। इन गांवों पर स्वास्थ विभाग विशेष अभियान चलाने के साथ होम आइसोलेशन में रहने वाले संक्रमितों की निगरानी भी कर रहा है। वहीं जनपद के 479 गांवों में स्वास्थ विभाग की टीम घर-घर जाकर ग्रामीणों की जांच कर रही है। बीमार ग्रामीणों की सूची तैयार कर संक्रमितों को मेडिकल किट उपलब्ध कराने, उनको होम आइसोलेशन में रखने और अधिक गंभीर होने पर अस्पताल में भी भर्ती कराया जा रहा है। वहीं सीडीओ शशांक चैधरी की मानें तो गांवों में सक्रिय मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। बेहतर उपचार होने के कारण लोग कम समय में ठीक भी हो रहे हैं। शीघ्र ही जनपद के अधिकांश गांव संक्रमण मुक्त हो जाएंगे।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related