Site icon Buziness Bytes Hindi

Uttarakhand Rain Alert: भारी बारिश के चलते प्रदेश में 14 स्टेट हाईवे सहित 229 मोटर मार्ग बंद

देहरादून। उत्तराखंड में आज भी मौसम खराब बना हुआ है। तीन जिलों नैनीताल,चंपावत और  ऊधमसिंह नगर में 24 घंटे के भीतर भारी बारिश के आसार है। मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के भीतर मैदान से लेकर पहाड़ तक झमाझम बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि उधम सिंह नगर, चंपावत और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा अन्य जिलों में तेज गर्जना के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। राजधानी देहरादून में बादल छाए रहेंगे। 

ऋषिकेश में सोमवार रात उफनती बीन नदी में एक कार गिर गई। कार में तीन युवक सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीएम टीम मौके पहुंची और कार को बाहर निकाला। गंगा का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। गंगा चेतावनी स्तर से 80 मीटर नीचे है। बारिश के बाद सौंग,जाखन, बीन, सुसवा और चंद्रभागा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रदेश में भारी बारिश के कारण सड़कों पर मलबा और बोल्डर गिरने से 14 स्टेट हाईवे सहित कुल 229 मोटर मार्ग बंद हैं। सोमवार को 86 सड़कों को खोला गया था। सड़कों को खोलने में 297 जेसीबी मशीनों को लगाया है। लगातार बारिश के कारण मोटर मार्ग को खोलने के काम में परेशानी आ रही है। 

Read also: Weather Update Uttarpradesh: आज इन जिलों में बारिश की संभावना,तेज धूप के साथ दिन की शुरूआत

लोनिवि की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 14 स्टेट हाईवे, सात मुख्य जिला मार्ग, नौ जिला मार्ग, 73 ग्रामीण मार्ग के अलावा 126 पीएमजीएसवाई की सड़कें पूरी तरह से बंद हैं।  प्रमुख बंद राज्य मोटर मार्गों में लंबगांव-घनसाली,कमद-अयारखाल मोटर मार्ग, बिरही-गौणा मोटर मार्ग, रुद्रप्रयाग-पोखरी गोपेश्वर मार्ग, कर्णप्रयाग-कंडारा-सोनला मार्ग, थराली-देवाल-वाण मार्ग, टिहरी-घनसाली-तिलवाड़ा मार्ग, गौचर-सिदौली मोटर मार्ग, मक्कू-भीरी मार्ग, खिर्सू-खांकरा मोटर मार्ग आदि शामिल हैं।

Exit mobile version