बुधवार को संगम नगरी में मिले 1261 नये कोरोना संक्रमित
प्रयागराज; कोरोना की दूसरी लहर में संगम नगरी में संक्रमण का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद प्रयागराज में बुधवार को 1261 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 66918 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 15001 हो गये हैं। आज 2257 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 51282 हो गया है। वहीं आज 21 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 635 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
कोरोना के खौफ के बीच कुछ अच्छी खबरें भी हैं जो दिल को सुकुन देती हैं। सबसे पहले बात करते हैं युवा उद्यमी की जिन्होंने एंबुलेंस की कमी को देखते हुए अपनी एसयूवी को ही एंबुलेंस बना दिया। डीपी पब्लिक स्कूल प्रयाग स्ट्रीट कटरा के 40 वर्षीय भवानी भूषण ने अपनी एसयूवी हेक्सा को एम्बुलेंस में बदल कर लोगों की मदद कर रहे हैं। जब एंबुलेंस को चलाने के लिये कोई ड्राइवर तैयार नहीं हुआ तो उन्होंने खुद ही पीपीई किट पहन कर एंबुलेंस चलाना शुरू कर दिया। 24 अप्रैल से प्रतिदिन 15 से 20 मरीजों को प्रतिदिन अस्पताल पहुुंचाने के कार्य में निःशुल्क और पूर्ण सेवा भाव से जुटे भवानी भूषण ने गंभीर मरीजों के लिए गाड़ी में पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलेंडर भी रखा हुआ है।
अगस्त माह से तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल, डफरीन अस्पताल और काल्विन अस्पताल को निर्बाध ऑक्सीजन की सप्लाई होने लगेगी। और इसे सच करने की जिम्मेदारी उठाई है इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र और कारोबारी उमेश जायसवाल ने जिन्होंने नैनी इंडस्ट्रीयल एरिया के सेक्टर तीन में ऑक्सीजन प्लांट के लिए 7400 स्क्वायर मीटर का प्लाट लिया है। गौरतलब है कि तीनों अस्पतालों को प्रतिदिन लगभग 225 ऑक्सीजन सिलेंडर की आवश्यकता होती है। उमेश जाससवाल ने बताया कि अगस्त माह से उनके अत्याधुनिक प्लांट से रोजाना करीब 1100 सिलेंडर रिफिल हो सकेंगे। आवश्यकता के अनुसार इस प्लांट को 1500 सिलेंडर प्रतिदिन रिफलिंग की क्षमता का बनाया जा सकता है।

