Site icon Buziness Bytes Hindi

20 कोरोना संक्रमित फरार, कोविड केयर सेंटर में हड़कंप

फरार संक्रमितों से कोरोना प्रसार होने का खतरा
टिहरी के कोविड केयर सेंटर में भर्ती थे 38 मरीज

देहरादून। कोरोना मरीजों को उपचार प्रदान करने के लिये कोविड सेंटर से 20 कोरोना मरीज दिन में फरार हो गये और सेंटर प्रबंधन को पता भी नहीं चला। रात को खाना देने गये कर्मचारियों को 20 मरीजों के कम होने का पता चला तो उन्होंने अधिकारियों को जानकारी दी जिसके बाद हड़कंप मच गया। फरार कोरोना मरीजों के खिलाफ सीएमएस ने तहरीर दी है। कोविड केयर सेंटर से भागे मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों के भी संक्रमित होने की आशंका ने प्रशासन को चिंता में डाला हुआ है।

टिहरी जिले के नरेंद्रनगर के राजकीय संयुक्त सुमन चिकित्सालय में बनाये गये कोविड केयर सेंटर में 38 संक्रमितों का उपचार किया जा रहा था। सीएमओ डाॅ. सुमन आर्य के अनुसार बीती 17 अप्रैल को कोविड से एक महिला की मौत होने के बाद उसका शव दोहपर लगभग दो बजे परिजनों को सुपुर्द किया जा रहा था। उसी दौरान 6 कोरोना पेशेंट भी भर्ती होने आये थे। अस्पताल में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर 20 कोरोना मरीज फरार हो गये। रात को खाना देने स्टाफ को 20 कोरोना मरीजों के फरार होने का पता चला।

नरेंद्रनगर अस्पताल के सीएमएस ने फरार कोरोना मरीजों के खिलाफ तहरीर दी है। कोविड केयर सेंटर से फरार मरीजों में उत्तराखंड के 2, राजस्थान के 7, उत्तर प्रदेश के 4, हरियाणा के 3 व उड़ीसा के 4 मरीज थे। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने फरार मरीजों को तलाशने का हर संभव प्रयास किया मगर अब तक उनका पता नहीं चल पाया है। अस्पताल के कोविड केयर सेंटर में इस तरह की घटना दोबारा होने से रोकने के लिये पुलिस तैनात कर दी गई है।

Exit mobile version