बहुप्रतीक्षित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे आम जनता के लिये खोला गया
नितिन गडकरी ने ट्विट कर कहा, हमने अपना वादा पूरा किया
मेरठ। तीन साल से प्रतीक्षारत दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को आज से आम जनता के लिये पूरी तरह से खोल दिया गया है। इस एक्सप्रेसवे के खोल दिये जाने के बाद दिल्ली तक का सफर मात्र 45 मिनट में तय किया जा सकेगा। पूर्व में यह सफर तय करने में ढाई से तीन घंटे लग जाते थे। हालांकि इस एक्सप्रेसवे का औपचारिक उद्घाटन बाद में किया जायेगा। गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्विट कर कहा, दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे अब पूरा हो चुका है और यातायात के लिए खोल दिया गया है। हमने दिल्ली-मेरठ के बीच यात्रा का समय 2.5 घंटे से घटाकर 45 मिनट करने का अपना वादा पूरा किया है।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर परतापुर से डासना तक का सफर मात्र 25 मिनट में तय हो जायेगा। वहीं दिल्ली-मेरठ के बीच की यात्रा 45 मिनट में पूरी हो सकेगी। अभी एक्सपे्रसवे पर सफर करने पर टोल नहीं देना होगा क्योंकि अभी टोल प्लाजा का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि पांच से सात दिन में टोल प्लाजा पर कंप्यूटर, बिजली आदि के कार्य पूरे कर लिये जायेंगे इसके बाद ही वाहनों से टोल वसूला जायेगा।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से सफर करने वाले यात्रियों को मोदीनगर और मुरादनगर में रोजाना लगने वाले जाम से भी नहीं जुझना पड़ेगा। वहीं उत्तराखंड आने-जाने वाले यात्री भी इस एक्सप्रेसवे पर ही सफर करना पसंद करेंगे और दिल्ली-मेरठ हाइवे पर यातायात का दबाव काफी कम हो जायेगा। जाम और यातायात का दबाव कम हो जाने से वायु प्रदूषण भी कम होगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार 100 किमी की रफ्तार से दौड़ेंगी। अन्य वाहनों को 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की अनुमति है।

