इस्लामाबाद। भारी बारिश के चलते एक यात्री बस के गहरी खाई में गिरने से 19 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि 12 गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिम में हुई। जब भारी बारिश के बीच यात्री बस पहाड़ी सड़क से फिसलकर 200 फीट गहरी खाई में समा गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर बचाव दल पहुंच चुका है। बलूचिस्तान प्रांत के शिरानी जनपद के सहायक प्रशासक शाह महताब ने बताया कि बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि बचावकर्मी क्षतिग्रस्त बस और आसपास के मलबे में बचे लोगों की तलाश में जुटे हैं। शाह ने कहा कि भारी बारिश के चलते बस सड़क पर फिसल गई और चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। जिसके बाद बस 200 फीट गहरी खाई में गिर गई।
Read also: Pakistan Power Crisis: पाकिस्तान में रात 10 बजे के बाद शादी समारोहों में लगी रोक
बता दें कि पाकिस्तान में सड़कों की हालत बहुत ही खराब है। सड़कों पर बुनियादी ढांचों की स्थिति तो और भी बदतर है। इसी के साथ लोग यातायात कानूनों की परवाह भी नहीं करते। खटारा वाहनों के साथ यात्रा करने के कारण पिछले कई माह में पाकिस्तान में वाहन दुर्घटनाओं में इजाफा हुआ है। इस कारण से पाकिस्तान में घातक सड़क दुर्घटनाएं अब आम बात है। बता दें कि पिछले महीने भी किला सैफुल्लाह जिले में बस खाई में गिरने से 22 लोगों की मौत हो गई थी। उस दौरान भी कई लापरवाहिया उजागर हुई थी। जिसके कारण दुर्घटनाएं हुई थी। पाकिस्तान में पहाड़ी मार्गों पर वाहनों को जाने से पहले चेकपोस्ट पर पुलिस की तैनाती है। जो वाहनों की पूरी तरह से जांच पड़ताल के बाद ही आगे भेजने हैं। लेकिन पुसिकर्मियों की जेब गर्म होते ही वो वाहन को आगे भेज दिया करते है।
