Site icon Buziness Bytes Hindi

1700 नये कोरोना संक्रमित मिले, प्रयागराज में कोरोना बेकाबू


1700 नये कोरोना संक्रमित मिले, प्रयागराज में कोरोना बेकाबू

आज 10 संक्रमितों की मौत हुई, जानलेवा होता जा रहा है संक्रमण

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के जिला प्रयागराज में कोरोना संक्रमण को रोकने के तमाम प्रयास नाकाम साबित हो रहे हैं। आज प्रयागराज जिले में 1700 नये कोरोना संक्रमित मिले और 10 मरीजों की मौत हो गयी। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अस्पतालों में भर्ती करने के लिये बेड कम पड़़ने लगे हैं। वहीं कोरोना मरीजों के शव का अंतिम संस्कार सावधानीपूर्वक कराना भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। चिंता की बात यह है कि प्रसार बढ़ने के साथ कोरोना संक्रमण जानलेवा होता जा रहा है। संक्रमण से ग्रसित लोगों की मौत होने का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है।

बुधवार को प्रयागराज जिले में 1700 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 43264 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 11902 हो गये हैं। आज 556 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 30881 हो गया है। वहीं आज 10 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 481 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी )

प्रयागराज में बेकाबू हो चला कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या का हर रोज नया रिकार्ड बन रहा है। 12 दिनों में संक्रमण दर में 15 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और बीते मंगलवार को संक्रमण की दर 18 प्रतिशत पर पहुंच गई। अस्पतालों के बेड फुल हो गये हैं और में मरीजों को भर्ती करने के लिये लोग सिफारिशें तक लगवा रहे हैं। शहर का खुल्दाबाद क्षेत्र सबसे अधिक है और इस इलाके में प्रतिदिन औसतन 146 संक्रमित मिल रहे हैं। कोरोना की पहली लहर में भी यही इलाका सर्वाधिक संवेदनशील था और यहां से काफी कोरोना मरीज मिले थे। वहीं ट्रांसपोर्टनगर, अशोकनगर, अल्लापुर, तेलियरगंज और मेयोहाल क्षेत्र संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित है।

Exit mobile version