मेलबर्न। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) निक होकले ने शनिवार को कहा कि अगर टी-20 विश्व कप के लिए 15 टीमों को देश में प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है तो प्रशंसकों को भी स्टेडियम में लाइव मैच देखने से रोका नहीं जाएगा. लेकिन 15 टीमों को ऑस्ट्रेलिया लाना, एक बड़ी चुनौती हो सकता है. इसके चलते ही इस टूर्नामेंट को स्थगित भी किया जा सकता है. होकले ने केविन रोबट्र्स की जगह ली जिन्हेंं हाल में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने निकाल दिया था जो वित्तीय परेशानियों से जूझ रहा है.
आईसीसी ले सकता है फैसला
कोविड-19 महामारी के कारण टी-20 विश्व कप के इस साल के अंत में आयोजन के लिए अलग-अलग संभावनाओं को ढूंढा जा रहा है जिसमें से एक में इस टूर्नामेंट की मेजबानी खाली स्टेडियम में करना भी है. लेकिन होकले ने कहा कि दर्शकों को अनुमति दी जाएगी, हालांकि अभी खिलाडिय़ों, अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ के साथ 15 टीमों की मेजबानी करना पेचीदा लग रहा है जिससे संकेत मिलता है कि आइसीसी के द्वारा टूर्नामेंट को स्थगित किया जा सकता है.
सबसे बड़ी चुनौती
होकले ने जब पूछा गया कि क्या वह दर्शकों के बिना विश्व कप को होते हुए देखना चाहेंगे तो उन्होंने कहा, सच्चाई यह है कि हाल के हफ्तों में हमने इसके बारे में ज्यादा चीजें समझी हैं और इसके अनुसार अंतरराष्ट्रीय यात्रा से पहले दर्शकों के आने की संभावना अधिक है. हमारी सबसे बड़ी चुनौती देश में 15 टीमों को लाने की है.
महिला विश्व कप पर पड़ सकता है असर : पैरी
ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट खिलाड़ी एलिसे पैरी का मानना है कि अगर इस साल होने वाला पुरुष टी-20 विश्व कप स्थगित होता है तो इसका असर अगले साल होने वाले महिला विश्व कप पर पड़ सकता है. टी-20 विश्व कप का आयोजन इसी साल ऑस्ट्रेलिया में 18 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच होना है लेकिन कोविड-19 के कारण इस पर काले बादल मंडरा रहे हैं. वहीं महिला वनडे विश्व कप अगले साल छह फरवरी से सात मार्च के बीच न्यूजीलैंड में खेला जाना है और ऐसी खबरें हैं कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इन तारीखों का इस्तेमाल टी-20 विश्व कप को कराने के लिए कर सकती है. पैरी ने कहा, मुझे लगता है कि इस तरह के टूर्नामेंट एक साथ नहीं खेले जा सकते हैं. चीजें किस तरह से होंगी इसे लेकर कुछ भी कहना काफी मुश्किल है.

