केजरीवाल ने कहा, पहले दर्जे के राज्य गोवा के नेता तीसरे दर्जे के हैं
पणजी। गोवा में राजनीतिक जमीन तलाश रही आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गोवा में कांग्रेसी विधायकों के त्यागपत्र को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस के 15 विधायक तो पहले ही बिक चुके हैं। अब बाकी के बचे दो विधायक भी भारी डिस्काउंट पर उपलब्ध हैं।
Read Also : फोटो पर राजनीति
मंगलवार को पणजी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने गोवा को पहले दर्जे का राज्य और यहां के राजनेताओं को तीसरे दर्जे का बताया। केजरीवाल ने कहा कि 2017 में कांग्रेस के 17 विधायक बने थे। अब हाल यह है कि कल जब मैं कहीं जाने के लिए प्लेन पर चढ़ा था तो कांग्रेस के तीन विधायक से और जब प्लेन से उतरा तो सिर्फ दो ही रह गए। अरविंद केजरीवाल ने जनता से कहा कि 15 साल आप लोगों ने एमजीपी को, 27 साल कांग्रेस को और 15 साल भाजपा को दिए। केजरीवाल ने जनता से पांच साल आम आदमी पार्टी को देने की अपील की। केजरीवाल ने कहा कि यदि हम काम ना करें तो हमें उखाड़ कर फेंक देना मैं फिर से वोट मांगने के लिए आपके पास नहीं आऊंगा।
Read Also : मतलबी राहुल
केजरीवाल ने कहा कि बीते 60 सालों में राज्य की सत्ता संभालने वाली पार्टियों ने आपको भ्रष्टाचार के अलावा क्या दिया है। उन्होंने गोवा में पहली भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने का दावा किया। कहा की आप दिल्ली में रहने वाले अपने दोस्तों, रिश्तेदारों से पूछें उन्हें मुफ्त और 24 घंटे बिजली मिलती है की नहीं। उन्होंने युवाओं को नौकरी देने और नौकरी ना मिलने तक 3000 रुपये महीना बेरोजगारी भत्ता देने का ऐलान किया।

