तीन गुना अधिक मरीज हुए स्वस्थ, रिकवरी रेट हुआ 87.69 प्रतिशत
देहरादून। उत्तराखंड को कोरोना संक्रमण से धीरे-धीरे राहत मिलती जा रही है। सोमवार को राज्य में 1156 नये कोरोना संक्रमित मिले तो उससे तीन गुना अधिक मरीजों ने कोरोना को मात देने में कामयाबी हासिल की। हालांकि कोरोेना से 44 मरीजों ने जान गंवा दी। प्रदेश में कोरोना रिकवरी रेट बढ़कर 87.69 प्रतिशत और संक्रमण दर घटकर 6.87 प्रतिशत हो गया है। प्रदेश में कोरोना के नए मरीज और मौत के मामले लगातार कम होते जाने से राज्य के निवासी भी राहत महसूस कर रहे हैं।
सोमवार को स्वास्थ विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार देहरादून जिले में 205, ऊधमसिंह नगर में 173, नैनीताल में 161, हरिद्वार में 105, पौड़ी में 84, अल्मोड़ा में 82, पिथौरागढ़ में 74, चमोली में 64, उत्तरकाशी में 50, बागेश्वर में 47, टिहरी में 42, रुद्रप्रयाग में 37, चंपावत जिले में 32 नये कोरोना मरीज मिले हैं। आज मिले 1156 संक्रमित मरीज को मिलाकर प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 329494 हो गई है। वहीं सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 28371 हो गया है। 3039 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया जो नये मिले संक्रमितों से तीन गुना अधिक हैं। राज्य में अब तक 288928 मरीज कोरोेना संक्रमण को मात दे चुके हैं।
सावधानी बरतना अब भी जरूरी
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण और मृत्यु दर भले की कम होती जा रही हो मगर सर्तकता बरतना अब भी जरूरी है। कोरोना की पहली लहर का अंत आते-आते तक प्रदेशवासी लापरवाही बरतने लगे थे। कोरोना संक्रमण के बढ़ने का यह भी प्रमुख कारण है। जरूरी है कि मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाये रखने और सैनेटाइजेशन या हाथों को बार-बार धोने का हम ख्याल रखें। ताकि कोरोना संक्रमण से पूूरी तरह से मुक्ति पाई जा सके।

