Site icon Buziness Bytes Hindi

कारों की थोक बिक्री में 11 फीसदी की बढ़ोतरी

auto

उद्योग संगठन सियाम ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि भारत में यात्री वाहनों की थोक बिक्री फरवरी में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़ी है, जबकि स्पोर्ट यूटिलिटी वाहनों (एसयूवी) ने बाजार पर पकड़ बनाए रखी है। आंकड़ों के मुताबिक, ऑटो कंपनियों ने पिछले महीने कुल 3,70,786 यात्री वाहन डीलरों को भेजे, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 3,34,790 यूनिट था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल फरवरी में यात्री वाहनों की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। फरवरी 2023 की तुलना में यह आंकड़ा 10.8 फीसदी बढ़कर 3.7 लाख यूनिट हो गया.

सियाम ने कहा कि फरवरी 2024 में कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री 35 प्रतिशत बढ़कर 15,20,761 इकाई हो गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 11,29,661 इकाई थी। इसी तरह तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री भी फरवरी में 54,584 इकाई रही जो पिछले साल इसी महीने में 50,382 इकाई थी. सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल के मुताबिक, फरवरी 2024 में यात्री वाहनों, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री में पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी हुई है, जबकि वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में गिरावट आई है। सियाम के अध्यक्ष के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही में देश की कुल मजबूत जीडीपी ग्रोथ से ऑटो सेक्टर को मदद मिली है।

आपको बता दें कि फरवरी में मारुति सुजुकी ने कुल 131,191 यूनिट्स वाहन बेचकर भारतीय बाजार में अपना दबदबा कायम रखा है। यह सालाना आधार पर 9 फीसदी ज्यादा है. यह अलग बात है कि ग्रोथ के बावजूद मारुति की गाड़ियों का मार्केट शेयर पहली बार 40% से नीचे आ गया। हिस्सेदारी के मामले में हुंडई 46,464 यूनिट्स बेचकर दूसरे स्थान पर रही। तीसरे स्थान पर टाटा मोटर्स है जिसने 44,784 यूनिट्स बेचीं और महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 38,071 यूनिट्स बेचकर चौथा स्थान बरकरार रखा।

Exit mobile version