UP News: यूपी के जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 11 लोगों की जान चली गई है। आकाशीय बिजली गिरने का सबसे अधिक नुकसान बलिया और आजमगढ में हुआ है। आकाशीय बिजली से बलिया के मैरोटार गांव में महिला की मौत हो। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
मानसूनी बारिश और आकाशीय बिजली से जानमाल का नुकसान हो रहा है। बिजली गिरने से यूपी में लोगों की जान जा रही है। आजमगढ़, गाजीपुर और बलिया में आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया। जिसमें 11 लोगों की मौत हुई है। आकाशीय बिजली गिरने का सबसे अधिक नुकसान आजमगढ़ में हुआ। जहां पर 6 लोगों की मौत हो चुकी है।
आजमगढ़ में तीन किशोरों सहित 6 मौत
आजमगढ़ प्रशासन के अनुसार मेहनगर क्षेत्र के मुहम्मदपुर नियामतपुर में शशिकला, अनुराग यादव शैलेश, अमन की एक साथ मौत हुई। वहीं कोतवाली देवगांव क्षेत्र के कोताखुर्द गांव निवासी सुनील राम की मौत बिजली गिरने से हुई है। रौनापार क्षेत्र के हैदरबाद गांव के सूर्यनाथ यादव की मौत हो गई।
गाजीपुर में बच्चे सहित 4 की मौत
गाजीपुर के कोतवाली क्षेत्र के बड़ापुरा मरकज निवासी मुहम्मद इकराम अंसारी, नसीरुद्दीन उर्फ़ बबऊ की गंगा में नहाते समय बिजली गिरने से मौत हुई। जौलहटा गांव में सूरज राजभर व जमानिया क्षेत्र में दुर्गा देवी की बिजली गिरने से मौत हो गई।
आकाशीय बिजली से ऐसे बचें
बिजली गिरने के समय पक्की छत के नीचे रहें। खिड़की का कांच, टिन छत, गीले सामान और लोहे की चीजों से दूर रहें। बिजली गिरने के समय पानी में हैं तो तुरंत बाहर आ जाएं। यात्रा के दौरान वाहनों के शीशे चढ़ाकर रखें। मजबूत छत वाले वाहन में ही सफर करें। खुली छत वाले वाहन में यात्रा ना करें। बिजली गिरने के दौरान पेड़ के नीचे न खड़े हों। बिजली के उपकरणों का प्रयोग न करें। दीवार के सहारे न खड़े हों। बिजली के खंभे से दूर रहें।
