Site icon Buziness Bytes Hindi

जेवर में शुरू हुआ 100 बेड का अस्पताल


जेवर में शुरू हुआ 100 बेड का अस्पताल

ऑक्सीजन कंसंट्रेटर युक्त अस्पताल में संक्रमित मरीजों की दी जाएगी तमाम सुविधाएं
सामाजिक संगठनों के माध्यम से उपकरण एकत्रित कर रहे जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह

गौतमबुद्धनगर। गुरुवार को जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह व यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरूण वीर सिंह की मौजूदगी में जेवर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को बनाए गए कोविड-एल अस्पताल का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मरीजों के उपचार हेतु शुरू कर दिया गया। इस अस्पताल के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को काफी राहत मिलेगी तथा यह 24 घंटे डाॅक्टर उपलब्ध रहेंगे।

कोविड संक्रमितों के उपचार में आ रही परेशानियों को देखते हुए जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह सामाजिक संगठनों के माध्यम से जेवर विधानसभा में स्थित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को बेहतरीन बनने के लिए उपकरण एकत्रित कर रहे हैं। उनके प्रयासों से जेवर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को बनाए गए कोविड-एल अस्पताल के आज उद्घाटन के बाद मरीजों का उपचार करना शुरू कर दिया गया।

इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि ’’मैं आभारी हूॅ यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरूण वीर सिंह का, जिन्होंने जेवर विधानसभा क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए आज 25 सेमी फाउलर बेड, उन मरीजों की सहायतार्थ दिए, जिनका उपयोग प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने न्यूयाॅर्क में रहने वाले निशांत गर्ग व राधिका श्राॅफ का भी आभार व्यक्त किया जिन्होने 05 बडे ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जेवर विधानसभा के लिए भिजवाए हैं। जेवर विधायक ने कहा कि ’’जिस तरीके से कोरोना महामारी ने मानव जाति को संक्रमित किया, उसे देखते हुए, भविष्य के लिए हमें तैयार रहना पडेगा और विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करना होगा।’’

जेवर विधायक धीेरेन्द्र सिंह ने कहा कि जनपद गौतमबुद्धनगर में कोविड को लेकर संसाधनों की कमी दिखाई देने के बाद जेवर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कई स्वंयसेवी संस्था, नोएडा पुलिस व यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सहयोग से यह कोविड अस्पताल ग्रामीण क्षेत्र को राहत देने का कार्य करेगा, जिसमें संक्रमित मरीजों को तमाम सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी।’पूरी जेवर विधानसभा व जनपद के अन्य ग्रामों के लोग यहां शुरू करायी गयी सुविधा का लाभ उठा सकते हैं और अगर असुविधा होने पर विधायक जेवर के कंट्रोल रूम के दिए गए नंबरों पर संपर्क कर, सहायता प्राप्त की जा सकती है।

यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरूण वीर सिंह ने कहा कि जेवर का यह कोविड अस्पताल ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों के कल्याण के लिए काम करेगा। यमुना प्राधिकरण भविष्य में भी इस अस्पताल में हरसंभव सहयोग करेगा।

Exit mobile version