Site icon Buziness Bytes Hindi

10 हजार सुरक्षाकर्मियों ने ली श्रद्धालुओं की सुरक्षा की शपथ


10 हजार सुरक्षाकर्मियों ने ली श्रद्धालुओं की सुरक्षा की शपथ

हर की पैड़ी पर गंगा को साक्षी मानकर ली शपथ
एक अप्रैल से होगा कुंभ का आधिकारिक शुभारंभ

हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार में हर की पैड़ी पर आज एक अलग ही नजारा दिखाई दिया। श्रद्धालुओं से भरी रहने वाली हर की पैड़ी पर आज जिस ओर निगाह दौड़ाओं पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल दिखाई दे रहे थे। और उनके यहां होने का उद्देश्य भी खास था। इन सभी सुरक्षाकर्मियों ने कुंभ मेला को सुरक्षित, सकुशल और सफल बनाने की शपथ ली। हर की पैड़ी पर इतनी बड़ी संख्या में मौजूद सुरक्षाकर्मियों को देख आशंकित हो गये श्रद्धालुओं ने सच जानकर इस पहल की सराहना की।

उत्तराखंड प्रदेश सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 1 अप्रैल से कुंभ मेला का अधिकारिक शुभारंभ किया जायेगा। आगामी 12 और 14 अप्रैल को होने वाले शाही स्नान को कुशलतापूर्वक संपन्न कराना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती हैं। कुंभ मेला की तैयारियों का जायजा लेने के लिये आज डीजीपी अशोक कुमार रविवार दोपहर हरिद्वार पहुंचे। हर की पैड़ी पर उन्होेंने लगभग 10 हजार पुलिसकर्मियांें और अर्धसैनिक बलों को कुंभ मेला को कुंभ सुरक्षित, सकुशल और सफल बनाने की शपथ दिलाई। शपथ लिये जाने से पहले श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों ने सभी को कुंभ का महत्व बताया। इस दौरान एक घंटे तक हर की पैड़ी पर श्रद्धालुओं के आगमन पर रोक लगायी गयी और किसी को भी अंदर नहीं आने दिया गया।

सुरक्षाकर्मियोें को संबोधित करते हुए डीजीपी अशोक कुमार ने कहा की कुंभ मेला में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के साथ विनम्रता से पेश आना है। कुंभ मेला में ड्यूटी करते समय अनुशासन कायम रखने के साथ सेवा भाव का भी ख्याल रखना है। उन्होंने 12 और 14 अप्रैल को होने वाले शाही स्नान को सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ देने को प्रेरित किया। इस दौरान मेला आईजी संजय गुंज्याल, डीआईजी रेंज नीरू गर्ग, एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस, एसएसपी कुंभ जन्मेजय प्रभाकर खंडूरी, एसपी रेलवे मंजूनाथ टीसी, एसपी कुंभ नवनीत भुल्लर आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version