- हरियाणा, उत्तराखंड, यूपी में स्मैक की जाती थी सप्लाई
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा और उत्तराखंड में स्मैक सप्लाई का काला कारोबार करने वाले तीन तस्करों को पुलिस ने 1.25 करोड़ रुपये की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक तस्करी करने वाली बड़ी मछलियों पर हाथ डालने का प्रयास कर रही है।
सहारनपुर की मंडी कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीओ प्रथम एसएसपी प्रीति यादव ने स्मैक तस्करी के काले कारोबार का खुलासा करते हुए बताया कि मंडी पुलिस द्वारा संकलापुर रोड पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान वहां आयी कार की चेकिंग की गयी तो उसमें सवार पांच लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने 3 आरोपी शिवम, अमर राणा और अमर शेट्टी को पकड़ लिया। कार की तलाशी में 1.25 करोड़ रुपये की स्मैक बरामद की गयी।
Read also: सहारनपुर में लगेंगे 11 आक्सीजन प्लांट : मुख्यमंत्री योगी
पुलिस ने 1150 ग्राम स्मैक के साथ आरोपियों के पास से 58,500 रुपए, 13 मोबाइल, दो इलेक्ट्राॅनिक कांटे, तीन तमंचे और एक कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह हरियाणा, उत्तराखंड, यूपी के कई जिलों में स्मैक सप्लाई करते थे।
Read also: सहारनपुर : बसपा सांसद ने जताई प्लाज्मा दान करने की इच्छा
मंडी कोतवाली पुलिस पर तस्करों से मिलीभगत का आरोप
चर्चाएं हैं कि मंडी कोतवाली पुलिस और तस्करों की मिलीभगत से नशे का काला कारोबार चलाया जा रहा है। कोतवाली के आला अफसरों से लेकर पुलिसकर्मी तक नशे की तस्करी में शामिल हैं। वहीं एसएसपी आकाश तोमर ने ऐलान किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। यदि कोई पुलिसकर्मी नशे के कारोबार में लिप्त पाया गया तो उसको निलंबित कर मुकदमा चलाया जायेगा।

