- कार्य कराने के लिये नहीं काटने होंगे आरटीओ के चक्कर
- घर बैठे कर सकेंगे आरटीओ से संबंधित कार्य
- आरटीओ के भ्रष्टाचार और दलाल प्रथा से भी मिलेगी निजात
न्यूज डेस्क। आरटीओ में भ्रष्टाचार और दलाल प्रथा को समाप्त करने और लोगो को बिना कार्यालय के चक्कर काटे अपने कार्य कराने की सुविधा प्रदान करने के लिये केंद्र सरकार बहुत जल्द नये कदम उठाने जा रही है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा तैयार किये गये प्रस्ताव को यदि सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की मंजूरी मिल गयी तो वाहनों का पंजीकरण, लर्निंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस आदि के नवीनीकरण कराने का कार्य आप घर बैठे-बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की योजना है कि लोगों को वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पता बदलने लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण कराने की सुविधा ऑनलाइन प्रदान की जाये।
आधार बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से इस योजना को संभव बनाने का प्रयास किया जा सकता है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय का मानना है कि इस योजना के क्रियान्वित हो जाने के बाद एक ओर जहां आरटीओ में लोगों का जमावड़ा समाप्त होगा वहीं इन कार्यों को कराने में दलालों का हस्तक्षेप बंद हो जाने से भ्रष्टाचार भी समाप्त हो सकेगा।
इस व्यवस्था के ऑनलाइन लागू हो जाने के बाद अन्य राज्य से दूसरा ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना या चोरी किये वाहनों का पंजीकरण कराना संभव नहीं होगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के पास उक्त प्रस्ताव भेजा है। वहां से हरी झंडी मिलते ही योजना पर कार्य शुरू कर दिया जायेगा।

